
कजाकिस्तान के अकटाऊ शहर के पास अज़रबैजान एयरलाइंस का विमान क्रैश, 67 लोग सवार
कजाकिस्तान के अकटाऊ शहर के पास अज़रबैजान एयरलाइंस का एक यात्री विमान क्रैश हो गया और आग की चपेट में आ गया। कजाकिस्तान के आपातकालीन मंत्रालय के अनुसार, यह हादसा घने कोहरे और तकनीकी खराबी के चलते हुआ। विमान में कुल 67 लोग सवार थे, जिनमें 62 यात्री और 5 क्रू सदस्य शामिल थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 25 लोग जीवित बचे हैं, जिनमें से 22 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह विमान अज़रबैजान की राजधानी बाकू से रूस के चेचन्या में ग्रोज़नी जा रहा था। लेकिन ग्रोज़नी में घने कोहरे के कारण इसे कजाकिस्तान के अकटाऊ शहर की ओर डायवर्ट किया गया था।
दुर्घटना से पहले, विमान ने एक संकट संकेत (डिस्ट्रेस सिग्नल) भेजा था। इसके पीछे पक्षियों के झुंड से टकराव और स्टीयरिंग की खराबी बताई जा रही है। पायलट ने विमान की गति और ऊंचाई बढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण पूरी तरह विफल हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान ने कई बार आपात लैंडिंग का प्रयास किया। इसके लिए यह रनवे के पास चक्कर लगाता रहा, लेकिन अंततः यह संतुलन खो बैठा और जमीन पर गिरते ही आग की लपटों में घिर गया।
घटनास्थल से सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान तेजी से ऊंचाई खोता है और दाईं ओर झुकने लगता है। विमान एक खुले मैदान में गिरा और आग की चपेट में आ गया।
दूसरे वीडियो में विमान को ऊंचाई हासिल करने की कोशिश करते हुए दिखाया गया है। यह तेजी से ऊपर जाता है, लेकिन फिर रुक जाता है। पायलट ने विमान को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण विमान रनवे तक नहीं पहुंच सका।
अज़रबैजान एयरलाइंस ने एक बयान जारी कर कहा, “एम्ब्रेयर 190 विमान, जिसे J2-8243 नंबर की फ्लाइट के रूप में ऑपरेट किया जा रहा था, ने बाकू-ग्रोज़नी रूट पर उड़ान भरी थी। यह अकटाऊ शहर के पास लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर आपात लैंडिंग करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना की जांच जारी है और अतिरिक्त जानकारी जल्द साझा की जाएगी।”
दुर्घटना स्थल पर एम्बुलेंस और बचाव दल सक्रिय दिखाई दिए। आपातकालीन निकासी के माध्यम से कुछ यात्रियों को विमान के पिछले हिस्से से सुरक्षित निकाला गया।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट FlightRadar24 के अनुसार, विमान कैस्पियन सागर के ऊपर उड़ान भर रहा था और चेचन्या की ओर जा रहा था। लेकिन तकनीकी समस्या और GPS जामिंग के कारण विमान ने गलत ADS-B डेटा ट्रांसमिट किया। इसके चलते विमान ने रनवे के पास बार-बार चक्कर लगाए और अंत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।